रुद्रपुर। शहर में शाम के समय सड़कों पर लगातार युवकों द्वारा हुड़दंग काटने की शिकायत मिल रही थी। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग के अधिकारी ने सोमवार शाम एसएसपी कार्यालय के पास चेकिंग अभियान चलाया। आधा दर्जन वाहनों के चालान काटे।
शाम के समय बाइक सवार युवकों द्वारा हुड़दंग करने और यातायात नियमों की अनदेखी की शिकायत कई दिनों से विभाग को मिल रही थी। इसके बाद विभाग की टीम ने एसएसपी कार्यालय के पास विशेष अभियान चलाकर वाहनों की जांच की।चेकिंग के दौरान करीब आधा दर्जन वाहनों के चालान काटे गए। इस दौरान नियम तोड़ने वाले चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि आगे से यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। टीटीओ गोविंद सिंह ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि सड़क पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए नियमों का पालन जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट, तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाना हादसों की बड़ी वजह बनता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन कर खुद की और दूसरों की जान सुरक्षित रखें।
