मुख्यमंत्री धामी ने कहा – अभ्यर्थियों के हित में होगा निर्णय, सीबीआई जांच की संस्तुति की जा चुकी है
देहरादून, 11 अक्टूबर 2025।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 21 सितंबर 2025 को आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच हेतु गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग ने आज मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर अपनी अंतरिम रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस आयोग की अध्यक्षता मा० न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यू.सी. ध्यानी द्वारा की जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आयोग ने अल्प समय में अधिक से अधिक जनसुनवाई करते हुए अभ्यर्थियों एवं संबंधित पक्षों से सुझाव प्राप्त किए हैं, जो सराहनीय है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार रिपोर्ट का परीक्षण कर अभ्यर्थियों के हित में निर्णय लेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रकरण की सीबीआई जांच की संस्तुति पहले ही की जा चुकी है, ताकि मामले की पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। भविष्य में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी भर्ती परीक्षा में अनियमितता की कोई संभावना न रहे और अभ्यर्थियों तथा उनके अभिभावकों का विश्वास राज्य की परीक्षा प्रणाली पर अटूट बना रहे।
