उत्तराखंड: मनीष निकला मोनिश–शादी डॉट कॉम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर हिन्दू युवती से की शादी, कन्वर्जन के लिए डाला दबाव।पुलिस ने एक मुस्लिम युवक को गिरफ्तार किया, जो फर्जी हिंदू प्रोफाइल बनाकर हिंदू युवती से शादी कर दहेज और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाल रहा था। जानें मामले का पूरा खुलासा।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
उधम सिंह नगर: जिला पुलिस ने एक ऐसे मुस्लिम युवक को गिरफ्तार किया है जो छद्म नाम से शादी की वेबसाइट पर जाकर और हिन्दू लड़कियों को अपने जाल में फंसा रहा था। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि ऑनलाइन वैवाहिक वेबसाइट shadi.com पर बनाई गई फर्जी प्रोफाइल के जरिए हिन्दू युवती से शादी करने और बाद में दहेज माँगने व धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का काम कर रहा था। पुलिस ने जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
ऐसे हुआ खुलासा
एसएसपी ने बताया कि थाना नानकमत्ता क्षेत्र की निवासी एक युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी युवक ने स्वयं को मनीष चौधरी पुत्र अमित चौधरी, हिन्दू जाति बताकर 11 दिसंबर 2024 को प्रेम पैलेस, नानकमत्ता में हिन्दू रीति-रिवाज से उससे विवाह किया। शादी के बाद कुछ समय तक सब सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे आरोपी और उसका परिवार प्रार्थिनी से ₹2 लाख नकद, एक कार और सोने के आभूषण की माँग करने लगे। जब प्रार्थिनी ने इस पर आपत्ति जताई तो उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई।
एसएसपी के अनुसार, पीड़िता का आरोप है कि वह शाकाहारी है, लेकिन आरोपी और उसके परिजन उसे जबरन माँसाहार खिलाने का प्रयास करते थे। 21 फरवरी 2025 को आरोपी पति, सास और दोनों ननदों ने मिलकर प्रार्थिनी को बुरी तरह पीटा और घर से निकाल दिया।
असली पहचान का खुलासा
एसएसपी ने बताया कि घर से निकाले जाने के बाद प्रार्थिनी को पता चला कि उसका पति मनीष चौधरी दरअसल मोनिश पुत्र इरशाद अहमद भारती निवासी शास्त्री नगर, मेरठ (वर्तमान पता- गायत्री विला, जयनगर नं.04 थाना दिनेशपुर) है। आरोपी और उसका परिवार मुस्लिम धर्म से संबंध रखते हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मोनिश पहले से ही एक मुस्लिम युवती से निकाह कर चुका है। पीड़िता का कहना है कि जब उसने धर्म परिवर्तन के दबाव का विरोध किया तो आरोपी और उसके परिजनों ने उसे धमकी दी – “ हम तेरा धर्म भ्रष्ट कर चुके हैं, अब तू हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। यदि तूने शिकायत की तो जान से खत्म कर देंगे।”
एसएसपी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर थाना नानकमत्ता पुलिस ने FIR संख्या-162/2025 पंजीकृत की है। इसमें धारा 69/115(2)/351(2)/352 BNS एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराएँ लगाई गई हैं। आरोपी को थाना हाजा लाकर जब पूछताछ की गई तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को उसके निवास स्थान गायत्री विला, जयनगर नं.04, थाना दिनेशपुर से 06 सितंबर 2025 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
