दून में खौफनाक मर्डर: दूल्हा बाजार में युवती की बेरहमी से हत्या
देहरादून। राजधानी देहरादून के व्यस्त दूल्हा बाजार इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने सरेआम धारदार हथियार से हमला कर एक युवती की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 02 फरवरी 2026 की सुबह कोतवाली नगर क्षेत्र में दूल्हा बाजार के पास एक गली में युवक ने युवती पर जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान गुंजन निवासी गोविन्दगढ़ के रूप में हुई है। गुंजन दूल्हा बाजार स्थित एक दुकान में काम करती थी और रोज़ की तरह सुबह काम पर पहुंची थी। बताया गया कि वह अपने जीजा के घर के पास स्कूटी खड़ी कर दुकान की ओर जा रही थी, तभी आरोपी ने गली में उस पर हमला कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी आकाश (पुत्र कोमलराम) को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
🔎 तीन साल का रिश्ता, विवाद और फिर खूनी अंजाम
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह भी दूल्हा बाजार की एक दुकान में काम करता है और पिछले तीन वर्षों से मृतका के संपर्क में था। आरोपी का युवती के घर आना-जाना भी था, जिस पर युवती के परिजनों ने आपत्ति जताई थी। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच चौकी खुडबुडा में आपसी समझौता पत्र भी दिया गया था।
बताया गया कि दो दिन पहले ही युवती ने आरोपी से परेशान होकर पुलिस चौकी में प्रार्थना पत्र दिया था, जिसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी ने मोबाइल बंद कर दिया और घर से फरार हो गया। लगातार तनाव, पारिवारिक कलह और युवती द्वारा बातचीत बंद किए जाने से आरोपी आवेश में आ गया और उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दे डाला।
