धारचूला में दर्दनाक सड़क हादसा, वाहन खाई में गिरा – 1 की मौत, 2 घायल
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं।
धारचूला से सिनियाखोला जा रहा एक वाहन आज दोपहर करीब 1 बजे अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन चालक कमल राम पुत्र हरी राम की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हादसे में नर सिंह और विजेंद्र थापा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धारचूला पहुंचाया गया।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के पीछे सड़क की खराब स्थिति को भी जिम्मेदार ठहराया है। बताया जा रहा है कि विगत 10 वर्षों से इस सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया है।
स्थानीय निवासी खड़क सिंह दानू के अनुसार, सड़क निर्माण कर रही कार्यदाई संस्थाएं मनमाने तरीके से काम कर रही हैं, जिससे मार्ग लगातार हादसों का कारण बनता जा रहा है। उनका कहना है कि एनपीसीसी और जीडीएस कंपनी द्वारा गुणवत्ता पूर्ण कार्य नहीं किया गया, जिसके चलते इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, वहीं स्थानीय लोग सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
