आईटी 2.0 का शुभारंभ – उन्नत डाक प्रौद्योगिकी: डिजिटल इंडिया की ओर भारतीय डाक की यात्रा में एक मील का पत्थर
22 अगस्त 2025- उत्तराखंड परिमंडल
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा संचार एवं उत्तर–पूर्व क्षेत्र विकास मंत्री, श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के मार्गदर्शन में भारतीय डाक विभाग (DoP) ने सफलतापूर्वक आईटी 2.0 – उन्नत डाक प्रौद्योगिकी (APT) का शुभारंभ किया है । यह ऐतिहासिक डिजिटल उन्नयन डाक विभाग की आधुनिकीकरण यात्रा में एक परिवर्तनकारी कदम है, जो देश के 1.65 लाख डाकघरों तक पहुँचते हुए भारत सरकार के डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया के विज़न के अनुरूप है । आईटी 2.0 देश के कोने-कोने तक तेज़, विश्वसनीय और नागरिक–केंद्रित डाक एवं वित्तीय सेवाएँ पहुँचाकर भारतीय डाक की समावेशिता और सेवा उत्कृष्टता की प्रतिबद्धता को दोहराता है ।
आईटी आधुनिकीकरण परियोजना 1.0 की सफलता पर आधारित नवीन एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी (APT) प्लेटफ़ॉर्म एक माइक्रोसर्विस आधारित अनुप्रयोग प्रस्तुत करता है, जो तेज़, अधिक विश्वसनीय और उपयोगकर्ता–अनुकूल नागरिक–केंद्रित सेवाएँ प्रदान करता है । सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन पोस्टल टेक्नोलॉजी (CEPT) द्वारा स्वदेशी रूप से डिज़ाइन और विकसित किया गया यह अनुप्रयोग भारत सरकार के मेघराज 2.0 क्लाउड प्लेटफ़ॉर्म पर होस्ट किया गया है और बीएसएनएल की राष्ट्रव्यापी कनेक्टिविटी द्वारा समर्थित है ।
केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि “APT इंडिया पोस्ट को एक विश्व–स्तरीय सार्वजनिक लॉजिस्टिक्स संगठन में बदल देगा । माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में यह आत्मनिर्भर भारत की पूर्ण सशक्तता है, जो मज़बूत और आत्मनिर्भर डिजिटल इंडिया का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।”
APT की प्रमुख विशेषताएँ:
माइक्रोसर्विस और ओपन API आधारित आर्किटेक्चर
एकल, एकीकृत उपयोगकर्ता इंटरफ़ेस
क्लाउड–रेडी परिनियोजन
बुकिंग से लेकर वितरण तक एंड–टू–एंड डिजिटल समाधान
अगली पीढ़ी की सुविधाएँ – क्यूआर कोड पेमेंट, ओटीपी आधारित वितरण इत्यादि
ओपन नेटवर्क प्रणाली – ग्रामीण क्षेत्रों में भी विश्वसनीय कनेक्टिविटी सुनिश्चित
10 अंकों का अल्फ़ान्यूमेरिक डिजीपिन – सटीक डिलीवरी के लिए
बेहतर रिपोर्टिंग और विश्लेषण प्रणाली
यह रोलआउट चरणबद्ध और संरचित तरीके से किया गया । मई–जून 2025 में कर्नाटक डाक परिमंडल में सफल पायलट फेज के रोलआउट के बाद प्रमुख समस्याओं की पहचान की गई और सीखों को प्रणाली और रणनीति को परिष्कृत करने के लिए शामिल किया गया | इसके बाद उत्तराखंड डाक परिमंडल में दिनांक 08.07.2025 से 22.07.2025 तक सावधानीपूर्वक चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किया गया। । अंततः 4 अगस्त 2025 को सभी 23 डाक परिमंडलों में 1.70 लाख से अधिक कार्यालयों (डाकघर, मेल कार्यालय और प्रशासनिक इकाइयों सहित) में APT रोलआउट किया गया |
यह समझते हुए कि तकनीकी परिवर्तन की सफलता कर्मचारियों पर निर्भर है, भारतीय डाक ने “Train – Retrain – Refresh” सिद्धांत के तहत मास्टर ट्रेनर्स, यूज़र चैंपियंस और अंतिम उपयोगकर्ताओं को शामिल करते हुए 4.6 लाख से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया । इससे हर स्तर पर तैयारी सुनिश्चित हुई और देश भर में इसे सुचारू रूप से अपनाया गया ।
इस प्रणाली ने एक ही दिन में 32 लाख बुकिंग और 37 लाख वितरण को सफलतापूर्वक संभालकर अपनी मजबूती और विस्तार क्षमता साबित कर दी है |
आईटी 2.0 के पूर्ण होने के साथ, भारतीय डाक एक आधुनिक, प्रौद्योगिकी–संचालित सेवा प्रदाता के रूप में अपनी स्थिति की पुष्टि करता है तथा विश्वसनीयता और अप्रतिम पहुँच की अपनी विरासत को भी कायम रखता है । APT की सफलता भारतीय डाक के कर्मचारियों की निष्ठा तथा ग्रामीण–शहरी डिजिटल खाई को पाटने, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने एवं हर नागरिक को विश्व–स्तरीय सेवाएँ देने की उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
